भारत-पाक सभी मुद्दों पर वार्ता बहाल करने के पक्ष में
इस सिलसिले में पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी इसी साल जुलाई महीने में भारत के दौरे पर आएंगे।
विदेश मंत्रालय की ओर से गुरुवार को एक बयान जारी कर यह घोषणा की गई। बयान में उन चार मुद्दों का भी जिक्र किया गया है जिस पर भारतीय विदेश सचिव निरूपमा राव और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच थिम्पू में हुई वार्ता में सहमति बनी।
पहला मुद्दा है कि थिम्पू में गत साल जुलाई में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई मुलाकात से पैदा हुई भावना के मद्देनजर दोनों पक्ष सभी मसलों पर वार्ता के लिए सहमत हो गए।
इसमें आगे कहा गया है कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री जुलाई 2011 में भारत का दौरा करेंगे और इस दौरान अपने भारतीय समकक्ष के साथ वार्ता प्रक्रिया में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच गत वर्ष अप्रैल में दक्षिण एशियाई देशों के सहयोग संगठन दक्षेस (सार्क) की बैठक के इतर मिले थे।
वर्ष 2008 में मुम्बई पर आतंकवादी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच आई रिश्तों में खटास के कारण समग्र वार्ता स्थगित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications