माघ सप्तमी के अवसर पर लाखों ने किया पवित्र स्नान
भुवनेश्वर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। उड़ीसा के प्रसिद्ध कोणार्क मंदिर के पास स्थित चंद्रभागा नदी में पवित्र माघ सप्तमी के मौके पर कम से कम चार लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सभी आयु वर्ग के लोगों ने इस पवित्र नदी में स्नान किया और भगवान सूर्य की आराधना की। ऐसी मान्यता है कि इस पवित्र नदी में स्नान कर सूर्य की पूजा करने से रोगों और पापों से छुटकारा मिलता है।
पुलिस निरीक्षक श्रीनिबास मोहंती ने आईएएनएस से कहा, "स्नान करने के लिए श्रद्धालु तड़के तीन बजे से ही पहुचंना शुरू हो गए थे। आज करीब चार लाख लोगों ने पवित्र नदी में स्नान किया।"
हिन्दू मान्यताओं के मुताबिक भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र शम्बा ने माघ महीने की सप्तमी के दिन पवित्र चंद्रभागा नदी में स्नान किया था जिसके बाद उन्हें कुष्ठ रोग से मुक्ति मिल गई थी।
नदी में स्नान करने के बाद जिस स्थान पर शम्बा ने 12 वर्षो तक भगवान शिव की पूजा-अर्चना की थी, वह स्थान श्रद्धालुओं के लिए एक धार्मिक स्थल बन चुका है।
नदी हालांकि ज्यादा बड़ी नहीं है लेकिन श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में यहां स्नान करने पहुंचते हैं। यह नदी बंगाल की खाड़ी के नजदीक है।
मोहंती ने कहा कि चंद्रभागा के तटीय इलाके पर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications