पाक में सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में आत्मघाती हमला, 27 जवान मरे (लीड-2)
पेशावर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर इलाके में स्थित सेना के एक प्रशिक्षण केंद्र में गुरुवार को एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया जिससे 27 जवानों की मौत हो गई और 40 घायल हो गए। हमलावर स्कूली पोशाक पहने हुए था।
पुलिस अधिकारी जीशान हैदर ने कहा कि खबर पख्तूनख्वा प्रांत के मारदान में स्थित पंजाब रेजीमेंट सेंटर में आत्मघाती हमला किया गया। मारदान पेशावर से लगभग 50 किलोमीटर उत्तरपूर्व में स्थित है।
समाचार पत्र एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक ऐसा माना जा रहा है कि आत्मघाती हमलावर की उम्र 14 साल के आस-पास थी और वह स्कूली पोशाक में था।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक एक शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद अदील ने बताया कि मृतकों और घायलों में सभी सेना के जवान हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अब्दुल समद खान ने कहा कि आत्मघाती हमलावर अति सुरक्षा वाले प्रशिक्षण केंद्र में दाखिल होने में सफल हो गया। लोगों को भ्रमित करने के लिए उसने स्कूली पोशाक पहन रखी थी।
पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने इसी सप्ताह कहा था कि वर्ष 2003 से लेकर अब तक इस तरह के हमलों में 2,700 सैनिकों और 300 खुफिया एजेंट्स की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications