वेद, उपनिषद संस्कृति के मूल आधार : पायलट
जयपुर, 6 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार राज्य मंत्री सचिन पायलट ने रविवार को कहा कि संस्कृत, वेद, उपनिषद् धर्मग्रंथ आदि भारत की सभ्यता एवं संस्कृति का मूल आधार हैं। इनके उन्नयन के लिए चल रहीं शिक्षण संस्थाएं इनमें अध्ययन कर रहे छात्रों के जीवन को बेहतर बनाने और विकास का वातावरण तैयार करने के मूल स्रोत साबित हो सकते हैं।
अखिल भारतीय निम्बार्काचार्य पीठ सलेमाबाद के पीठाधीश्वर श्रीजी महाराज के सान्निध्य में आयोजित सर्वेश्वर संस्कृत महाविद्यालय के हीरक जंयती महोत्सव के शुभारम्भ समारोह को सम्बोधित करते हुए पायलट ने कहा कि देश में संस्कृत शिक्षा के उन्नयन और इसे बढ़ावा देने के लिए चल रहीं संस्थाएं प्रेम, मोहब्बत और भाई चारे का संदेश देती हैं और ये हमारी धरोहर हैं।
पायलट ने संस्कृत शिक्षा में कम्प्यूटर ज्ञान और आधुनिकीकरण पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए सरकार बहुत कुछ कर रही है। उन्होंने सलेमाबाद में आयुर्वेद संबंधित संस्थान खोलने के लिए सरकार द्वारा सहयोग दिए जाने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने किशनगढ़ में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि यहां आयोजित तीन दिवसीय हीरक जंयती महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संस्कृत के विद्वान भाग लेने आए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications