हिमाचल में 'बेटी है अनमोल' प्रचार अभियान शुरू
शिमला, 7 फरवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन द्वारा 'बेटी है अनमोल' विषय पर रविवार को प्रदेशव्यापी फोक मीडिया प्रचार अभियान शुरू किया गया। 44 ग्राम सभाओं में फोक मीडिया कार्यक्रम आयोजित कर 'कन्या भ्रूण हत्या' और 'बेटी है अनमोल' जैसे गंभीर विषयों के बारे में ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के निदेशक राकेश कंवर ने बताया कि मिशन एवं सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के सहयोग से 'बेटी है अनमोल' विषय पर प्रदेश भर के 22 सांस्कृतिक दलों के लगभग 300 कलाकारों को प्रशिक्षण देकर राज्य के ऐसे 44 विकास खण्डों में 'कन्या मामलों' के प्रचार के लिए भेजा गया है, जहां कन्याओं की संख्या में भारी कमी पाई गई है।
कंवर ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त इन सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटकों, लोक नाट्य विधाओं और लोक गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को कन्या भ्रूण हत्या जैसे संगीन मामलों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
प्रथम चरण में कांगड़ा, ऊना, सोलन, सिरमौर, शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर और मण्डी जिलों के 44 विकास खण्डों में 440 फोक मीडिया कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम चरणबद्घ तरीके से साल भर चलेंगे और 8 मार्च को राज्यस्तरीय महिला दिवस के अवसर पर 'बेटी है अनमोल' विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में गीत एवं नाटक प्रभाग के प्रभारी एम़ आऱ शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण में प्रदेश व्यापी प्रचार अभियान के फोक मीडिया कार्यक्रम 20 फरवरी तक आठ जिलों की 440 पंचायतों में लगातार चलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications