मनसे के बारे में मुंडे की टिप्पणी से शिव सेना खफा
मुम्बई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे के उस बयान से शिव सेना खफा हो गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) भविष्य में भाजपा-शिव सेना गठबंधन का हिस्सा हो सकता है।
शिव सेना के एक प्रवक्ता ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि मुंडे का यह पता होना चाहिए कि गठबंधन के सम्बंध में वह कोई फैसला नहीं ले सकते। इस सम्बंध में शिव सेना अध्यक्ष बाल ठाकरे या फिर कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ही कोई निर्णय ले सकते हैं।
ज्ञात हो कि मुंडे ने रविवार को कहा था, "मनसे को गठबंधन में लाना आसान नहीं है लेकिन राजनीति में कुछ भी असम्भव नहीं है। असम्भव को सम्भव करने के लिए गोपीनाथ मुंडे है।"
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गत विधानसीाा चुनाव में मनसे ने कम से कम 53 विधानसभा क्षेत्रों में सेना-भाजपा गठबंधन के वोट बैंक में सेंधमारी की और इसी का नतीजा था कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गठबंधन तीसरी बार सत्ता में आने में सफल रही।
मुंडे ने यह भी कहा था कि अब चूंकि किसी भी एक दल का महाराष्ट्र की सत्ता में आने का सवाल ही नहीं उठता इसलिए समान विचारधारा वाले दलों को मिलकर गठबंधन बनाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications