टीआरएस का कांग्रेस में विलय से इंकार
हैदराबाद, 7 फरवरी (आईएएनएस)। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कराने से साफ इंकार कर दिया।
राव ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "कांग्रेस या किसी अन्य दल में हमारी पार्टी के विलय का सवाल ही नहीं उठता।"
फिल्म अभिनेता चिरंजीवी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंेने कहा, "टीआरएस कोई सिनेमा पार्टी नहीं है।"
ज्ञात हो कि चिरंजीवी ने रविवार को अपनी पार्टी प्रजा राज्यम का कांग्रेस में विलय कराने की घोषणा की थी।
पीआरपी के कांग्रेस में विलय की घोषणा के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता के. केशव राव ने कहा था कि पीआरपी के बाद टीआरएस को भी कांग्रेस में अपना विलय करा लेना चाहिए।
टीआरएस अध्यक्ष ने कहा, "टीआरएस पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के अपने उद्देश्य को पाने को प्रतिबद्ध है।"
चंद्रशेखर राव ने हाल ही में कहा था कि यदि पृथक राज्य की उनकी मांग मान ली जाती है तो वह अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications