आस्ट्रेलिया में भीषण आग, 59 मकान जलकर खाक
समाचार पत्र 'मॉर्निग हेराल्ड' के अनुसार पिछले हफ्ते भड़की आग में काफी मकानों के जलकर नष्ट होने के कारण पश्चिमी आस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री कॉलिन बर्नेट्ट ने इस इलाके को प्राकृतिक आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है।
गौरतलब है कि दो साल पहले दक्षिणी प्रांत विक्टोरिया में भड़की आग में 173 लोगों की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार रविवार सुबह तक आग की चपेट में करीब 40 मकान आए थे लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर 59 तक पहुंच गई।
बर्नेट ने आपदा प्रभावित इलाके रॉलीस्टोन, केल्मस्कॉट और रेड हिल को प्राकृतिक आपदा क्षेत्र घोषित किया है। उन्होंने हालात और गम्भीर होने की आशंका जताई है।
बहरहाल, आग की चपेट में आने वाले पर्थ में 100 से अधिक दमकलकर्मी दावानल पर काबू पाने में लगे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भीषण आग की वजह से 59 मकान जलकर नष्ट हो गए हैं जबकि तकरीबन 30 क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के एक अधिकारी ने प्रभावित लोगों से चर्चा के दौरान बताया कि आग अब काबू में है और चलने वाली हवा भी दमकलकर्मियों के लिए राहतकार्य में फायदेमंद होगी। साथ ही जिन इलाकों में नियंत्रण नहीं पाया गया है उन लोगों को बचाव कार्य के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
इस बीच, बर्नेट ने आग में अपना मकान गंवाने वाले लोगों के लिए 300 डॉलर के मुआवजे की घोषणा की है और जिनकी संपत्ति को भारी क्षति पहुंची है उन्हें 1000 डॉलर प्रदान किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications