फतेहपुर घटना का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के उदरौली गांव में शनिवार देर शाम बलात्कार में असफल होने पर तीन लड़कों ने गांव की एक 17 वर्षीया किशोरी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था, जिसमें उसके गले, कान, हाथ सहित शरीर के विभिन्न अंगों पर गंभीर चोटें आईं।
बिंदकी थाना प्रभारी प्रेम चंद ने देर शाम संवाददाताओं को बताया कि मुख्य आरोपी शिव ओम (21) को सोमवार को पास के डीह गांव से गिरफ्तार किया गया। दूसरा आरोपी हरिशंकर पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक राम भरोसे के मुताबिक घटना शनिवार देर शाम तब हुई जब किशोरी खेतों से लौट रही थी उसी समय गांव के ही तीन युवकों द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया। युवकों को लगा कि वह अपने मकसद में कामयाब नहीं होंगे तब उन्होंने किशोरी को छोड़ दिया। इसी बीच एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर किशोरी पर हमला कर दिया, जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता का गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications