महिला उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा करेगी प्रदर्शन
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने सोमवार शाम यहां पार्टी कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बसपा सरकार के शपथ ग्रहण के दिन से ही महिला उत्पीड़न व बलात्कार के मामलों में इजाफा हुआ है।
फतेहपुर की किशोरी पर बलात्कार के प्रयास और जानलेवा हमले की घटना की निंदा करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि सरकार की ढिलाई का ही नतीजा है कि प्रदेश में आए दिन दुराचार की घटनाएं सामने आ रही हैं।
दीक्षित ने मायावती सरकार पर महिला उत्पीड़कों और बलात्कारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर बलात्कार और महिला उत्पीड़न की घटनाएं पंजीकृत नहीं की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न के विरोध में पार्टी 10 फरवरी को राजधानी में प्रदर्शन करेगी। साथ ही 14 फरवरी को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पार्टी का इसी सवाल पर विरोध प्रदशर्न होगा।
अलीगढ़ में एक लड़की सुनीता द्वारा सिंचाई मंत्री जयवीर सिंह पर अपने पिता के हत्या के आरोप लगाने की घटना की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोपी मंत्री की बर्खास्त करें।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications