कई राज्यों में नक्सलियों के बंद का मिलाजुला असर (लीड-2)

बंद के दौरान बिहार में नक्सलियों ने एक स्कूली भवन को विस्फोट कर उड़ा दिया और पश्चिम बंगाल में कुछ ट्रकों को आग के हवाले कर दिया। झारखण्ड में नक्सलियों ने रेल पटरी उड़ा दी जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई। उड़ीसा के दक्षिणी जिलों में नक्सलियों के बंद से जनजीवन प्रभावित हुआ।

बिहार में नक्सलियों के बंद का सबसे अधिक प्रभाव यातायात पर पड़ा। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों के नहीं चलने के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। राज्य के जहानाबाद, मुंगेर, रोहतास और जमुई के अलावा कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का व्यापक असर देखा गया जबकि शहरी क्षेत्रों में बंद का असर दिखाई नहीं दिया। बंद को सफल बनाने के लिए नक्सलियों ने कई इलाकों में पोस्टर भी चिपकाए।

राज्य पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पूर्व में हुई नक्सली वारदातों से सबक लेते हुए इस बार काफी सतर्कता बरती गई। अधिकारी ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं तथा सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है।

जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के नक्सलियों ने एक स्कूली भवन को विस्फोट कर उड़ा दिया जबकि एक सामुदायिक भवन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस के अनुसार चरकापत्थर गांव में तड़के 40 से 50 की संख्या में नक्सलियों ने धावा बोलकर राजकीय माध्यमिक विद्यालय के भवन को विस्फोट कर उड़ा दिया। विस्फोट की वजह से भवन के सभी छह कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद नक्सलियों ने उसी गांव के सामुदायिक भवन को भी विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में बंद के दौरान संदिग्ध नक्सलियों ने तीन ट्रकों में आग लगा दी। इसमें एक चालक गम्भीर रूप से झुलस गया।

जिले के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) मुकेश कुमार ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "पूर्णपानी वन क्षेत्र में दो ट्रकों जबकि झारग्राम के गुप्तामनी इलाके में एक ट्रक को जला दिया गया। पूर्णपानी में एक चालक को जलते हुए ट्रक में जबर्दस्ती फेंक दिया गया। बुरी तरह से झुलस चुके चालक को बाहर निकालकर झारग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना झारग्राम के वन क्षेत्र से गुजरने वाले राजमार्ग संख्या नौ पर हुई।

सूत्रों के अनुसार करीब 50 हथियारबंद नक्सलियों ने राजमार्ग पर ट्रकों को जबर्दस्ती रोक दिया और उसमें आग लगा दी। कहासुनी करने पर उन्होंने एक चालक को जलते हुए ट्रक में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि गुप्तामनी में सुरक्षाकर्मियों ने नक्सलियों का पीछा किया लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाए। सुरक्षाबलों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही नक्सली फरार हो गए।

छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों ने पर्यटन स्थल चित्रकोट में एक निर्माणाधीन पुलिस चौकी को उड़ा दिया और राजमार्ग की नाकेबंदी की। राज्य के आतंरिक हिस्सों में नक्सलियों के बंद के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक टी. जे. लांगकुमार ने आईएएनएस को बताया, "बस्तर जिले के चित्रकोट में सोमवार तड़के कई हथियारबंद खासकर महिला नक्सलियों ने एक निर्माणाधीन पुलिस चौकी को विस्फोट के जरिए उड़ा दिया। इससे चौकी के दो कमरे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।"

चित्रकोट में नक्सलियों के पहले हमले से घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

राज्य के अन्य हिस्सों से मिली जानकारी के अनुसार आतंरिक इलाकों जैसे कि बस्तर क्षेत्र के नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में नक्सलियों के बंद से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। नक्सलियों ने सड़कों पर पेड़ गिराकर आवागमन बंद कर दिया।

राजनंदगांव, रायपुर, धमतरी और महासमुन्द जिलों के कुछ हिस्सों को छोड़कर बस्तर क्षेत्र में बसें भी सड़कों से नदारद रहीं।

उड़ीसा के दक्षिणी जिलों में बंद से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगहों पर निजी और सार्वजनिक वाहन नहीं चलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

राज्य में खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि गजपति, कंधमाल, मल्कानगिरी, कोरापुट और रायगाड़ा जिलों में सरकारी बसों की आवाजाही बंद रही।

अधिकारी ने बताया कि इन जिलों के शहरी इलाकों में निजी वाहनों की आवाजाही जारी रही। राज्य में भीतरी इलाकों में ही वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

नक्सलियों के एकदिवसीय बंद का असर पश्चिम और तटीय इलाकों सहित राज्य के बाकी हिस्सों में नहीं दिखाई दिया।

झारखण्ड के बोकारो और रामगढ़ जिलों में आज तड़के नक्सलियों ने विस्फोट कर रेल पटरियों को उड़ा दिया जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "नक्सलियों ने बोकरो जिले में योगेश्वर और दानिया रेलवे स्टेशनों के बीच रेल पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया जिससे एक मीटर तक रेल पटरी क्षतिग्रस्त हो गई है।"

पुलिस अधिकारी के मुताबिक नक्सलियों ने रामगढ़ जिले में भी मायेल स्टेशन के निकट रेल पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया।

दोनों रेल पटरियां कोल इंडिया कॉर्ड (सीआईसी) खण्ड में स्थित हैं। विस्फोट की वजह से रेल सेवाएं प्रभावित हुईं और 10 से अधिक रेलगाड़ियां विभिन्न जगहों पर घंटों खड़ी रहीं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+