उत्तर प्रदेश में है गुंडा राज : तीरथ
मंत्री ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में बिगड़ती कानून एवं व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वह अगले कुछ दिनों में प्रदेश का दौरा करेंगी।
तीरथ ने यहां संवाददताओं से कहा, "उत्तर प्रदेश में गुंडा राज और जंगल राज चल रहा है। वहां पूरी तरह अराजकता है जिसे दूर किया जाना चाहिए।"
मंत्री उस दुखद घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं, जिसमें शनिवार रात बलात्कार का विरोध करने पर एक दलित किशोरी पर क्रूरतापूर्ण हमला किया गया।
पुलिस ने रविवार को कहा था कि फतेहपुर जिले स्थित किशोरी के अपने ही गांव में तीन युवकों ने उसके कान काट लिए और उंगलियों को कुचल दिया।
किशोरी पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
तीरथ ने कहा, "हमने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस मामले में दो दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद हालात का जायजा लेने के लिए मैं व्यक्तिगत तौर पर प्रदेश का दौरा करूंगी।"
उन्होंने कहा, "मैं अधिकारियों और मुख्य सचिव से मिलूंगी और इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री मायावती से भी बात करूंगी। यह जानने के लिए कि इस घटना के बारे में लोग क्या कहते हैं, मैं लोगों से भी बातचीत करूंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications