नक्सलियों ने पुलिस चौकी उड़ाई, तलाशी अभियान शुरू (लीड-1)
चित्रकोट में नक्सलियों के पहले हमले से घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक टी. जे. लोंगकुमार ने आईएएनएस को बताया, "बस्तर जिले के चित्रकोट में सोमवार तड़के कई हथियारबंद खासकर महिला नक्सलियों ने एक निर्माणाधीन पुलिस चौकी को विस्फोट के जरिए उड़ा दिया। इससे चौकी के दो कमरे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।"
उन्होंने बताया कि नक्सलियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किए हैं। करीब 20 लाख रुपये की लागत वाली निर्माणाधीन पुलिस चौकी अब तकरीबन तैयार हो चुकी थी।
राज्य के अन्य हिस्सों से मिली जानकारी के अनुसार आतंरिक इलाकों जैसे कि बस्तर क्षेत्र के नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में नक्सलियों के बंद से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। नक्सलियों ने सड़कों पर पेड़ गिराकर आवागमन बंद कर दिया है।
गौरतलब है कि प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने आवयश्क वस्तुओं की बढ़ती कीमतों और भ्रष्टाचार के खिलाफ कई राज्यों में एकदिवसीय बंद का आह्वान किया है।
बीजापुर जिले को राज्य के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-16 को नक्सलियों ने सोमवार तड़के से बंद कर रखा है। दंतेवाड़ा जिले में राजमामर्ग संख्या-221 सहित कई सड़कें सुनसान रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications