मिस्र हमेशा के लिए बदल गया : ओबामा
वाशिंगटन। मिस्र में राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के खिलाफ लोकतंत्र समर्थकों के जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा मानते हैं कि मिस्र हमेशा के लिए बदल गया है।
रविवार को 'फॉक्स न्यूज' को दिए एक साक्षात्कार में ओबामा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह यह कयास नहीं लगा सकते कि अगला कदम क्या होगा। उन्होंने राष्ट्रपति मुबारक के पद छोड़ने के बारे में कुछ भी अनुमान लगाने से इंकार कर दिया।
अमेरिका के करीबी रहे मुबारक के बारे में ओबामा ने कहा, "केवल वह ही जानते हैं कि वह क्या करने जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम क्या कर सकते हैं! हम कह सकते हैं कि देश में परिवर्तन शुरू करने के लिए अब समय आपके हाथ में है।"
ओबामा ने कहा, "मिस्र जो था वह फिर नहीं होगा, मिस्र के लोग आजादी चाहते हैं, वे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं, वे एक प्रतिनिधि सरकार चाहते हैं, वह एक प्रतिक्रियावादी सरकार चाहते हैं। और इसलिए हमने कहा है कि आपको अब परिवर्तन शुरू करना होगा।"
ओबामा ने कहा कि अमेरिका ने मुबारक से सार्वजनिक और निजी तौर पर कई बार कहा है कि आप मिस्रवासियों की भावनाओं को दबाए नहीं रख सकते।
जब उनसे पूछा गया कि क्या 'मुस्लिम ब्रदरहुड' अमेरिका के लिए खतरा है तो उन्होंने कहा कि यह विपक्षी इस्लामिक संगठन अमेरिका विरोधी है लेकिन उन्होंने जोर दिया कि यह मिस्र का एक धड़ा है और वहां पर इसका बहुत प्रभाव नहीं है।
ओबामा ने कहा, "मिस्र में उनके पास व्यापक समर्थन नहीं है, लेकिन यह सुसंगठित हैं और इसकी विचारधारा अमेरिका विरोधी है।"
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मिस्र का भविष्य मिस्रवासियों के हाथों में हैं और अनके पास वर्तमान स्थिति और मुस्लिम ब्रदरहुड के अलावा भी कई विकल्प है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications