तहरीर चौक पर डटे हैं प्रदर्शनकारी, ओबामा ने कहा बदल गया मिस्र (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रतिबंधित संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड ने सरकार के साथ बातचीत में हिस्सा लिया जबकि कहा कि यह अभी सिर्फ शुरूआत भर है इसलिए उसकी ओर से कोई रियायत नहीं दी जा सकती। प्रदर्शनकारियों की मांगों पर गौर करने के लिए कुछ समितियां गठित की गई है।
उधर, दूसरी ओर चौक पर डटे प्रदर्शनकारी सिर्फ राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के इस्तीफे की मांग पर अडिग हैं। जबकि समाज के कुछ अन्य लोग चाहते हैं कि 1981 से सत्तासीन नेता को सम्मानपूर्वक हटने का मौका दिया जाए।
सरकार इस बात पर आमादा है कि मुबारक सितम्बर में अपना कार्यकाल समाप्त होने पर ही इस्तीफा देंगे।
इस बीच मुबारक के खिलाफ लोकतंत्र समर्थकों के जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि मिस्र हमेशा के लिए बदल गया है।
रविवार को 'फॉक्स न्यूज' को दिए एक साक्षात्कार में ओबामा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह यह कयास नहीं लगा सकते कि अगला कदम क्या होगा। उन्होंने राष्ट्रपति मुबारक के पद छोड़ने के बारे में कुछ भी अनुमान लगाने से इंकार कर दिया।
अमेरिका के करीबी रहे मुबारक के बारे में ओबामा ने कहा, "केवल वह ही जानते हैं कि वह क्या करने जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम क्या कर सकते हैं! हम कह सकते हैं कि देश में परिवर्तन शुरू करने के लिए अब समय आपके हाथ में है।"
ओबामा ने कहा, "मिस्र जो था वह फिर नहीं होगा, मिस्र के लोग आजादी चाहते हैं, वे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं, वे एक प्रतिनिधि सरकार चाहते हैं, वह एक प्रतिक्रियावादी सरकार चाहते हैं। और इसलिए हमने कहा है कि आपको अब परिवर्तन शुरू करना होगा।"
ओबामा ने कहा कि अमेरिका ने मुबारक से सार्वजनिक और निजी तौर पर कई बार कहा है कि आप मिस्रवासियों की भावनाओं को दबाए नहीं रख सकते।
जब उनसे पूछा गया कि क्या 'मुस्लिम ब्रदरहुड' अमेरिका के लिए खतरा है तो उन्होंने कहा कि यह विपक्षी इस्लामिक संगठन अमेरिका विरोधी है लेकिन उन्होंने जोर दिया कि यह मिस्र का एक धड़ा है और वहां पर इसका बहुत प्रभाव नहीं है।
ओबामा ने कहा, "मिस्र में उनके पास व्यापक समर्थन नहीं है, लेकिन यह सुसंगठित हैं और इसकी विचारधारा अमेरिका विरोधी है।"
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मिस्र का भविष्य मिस्रवासियों के हाथों में हैं और अनके पास वर्तमान स्थिति और मुस्लिम ब्रदरहुड के अलावा भी कई विकल्प है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications