करुणानिधि पर मुकदमे की राज्यपाल से अनुमति मांगेंगे स्वामी
स्वामी ने आईएएनएस को बताया, "राज्यपाल ने मुलाकात के लिए सोमवार अपराह्न् का समय दिया है। मैं, कुछ लोगों को भूमि आवंटित करने में पद का दुरुपयोग करने के लिए करुणानिधि पर मुकदमा चलाने की उनसे मंजूरी मांगूगा।"
स्वामी ने कहा, "राज्यपाल मेरी याचिका को दरकिनार नहीं कर सकते। करुणानिधि के खिलाफ यह मेरा पहला मामला होगा। करुणानिधि के खिलाफ कई अन्य शिकायतें हैं। मेरे पास करुणानिधि के खिलाफ कुल 23 दस्तावेज हैं।"
ज्ञात हो कि विवेकाधीन कोटे से अपात्र लोगों को कथित रूप से भूमि आवंटित करने के लिए तमिलनाडु हाउसिंग बोर्ड के खिलाफ कुछ समय पहले शिकायतें की गई थीं। सरकार ने हाल में विवेकाधीन कोटे के तहत भूमि आवंटन की व्यवस्था समाप्त कर दी।
करुणानिधि पर स्वामी का यह दूसरा हमला है।
स्वामी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक अदालत में अपनी शिकायत में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में पूर्व संचार मंत्री ए.राजा के साथ करुणानिधि का नाम सहआरोपी के रूप में लिया है।
स्वामी ने अदालत में कहा था, "मैंने इस मामले में डीएमके प्रमुख करुणानिधि का नाम लिया है और कई अन्य नाम इसमें अभी शामिल किए जाएंगे।"
करुणानिधि ने रविवार को स्वामी को एक कानूनी नोटिस भेजा था। करुणानिधि ने नोटिस में कहा था कि या तो स्वामी 24 घंटे के भीतर अपना बयान वापस लें, अन्यथा मानहानि के लिए आपराधिक कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।
लेकिन स्वामी ने कहा, "मुझे अभी तक नोटिस नहीं मिला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications