मायावती के काफिले को रोकने वाली महिलाएं गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के काफिले को अलीगढ़ में रोकने के लिए सड़क पर लेटने वाली तीन महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।विशेष पुलिस महानिदेशक बृज लाल ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के कुछ ही क्षणों बाद तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि इनमें से दो महिलाओं की पहचान चंद्रावती (दोनों का एक ही नाम) तथा तीसरी की सुनीता के रूप में की गई है।
एक चंद्रावती के परिजनों ने संवाददाताओं से कहा कि महिला का मकसद मायावती का रास्ता रोकना नहीं था, बल्कि उसके पति की 'गैरकानूनी' तरीके से गिरफ्तारी में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा मंत्री टी.जे. सिंह की संलिप्तता की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करना था।दूसरी चंद्रावती की भी ऐसी ही शिकायत है। उसका कहना है कि एक दिन पूर्व उसके पति को महज इस कारण गिरफ्तार कर लिया गया कि वह अलीगढ़ जिले के सलेमपुर गांव में मुख्यमंत्री के लिए बन रहे हेलीपैड को देख रहा था।
तीसरी महिला सुनीता मायावती से यह गुहार लगाना चाहती थी कि उसके पिता की हत्या के मामले में वह पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने के लिए कहें। महिला के पिता का शव उनके घर की छत पर पाया गया था।सुनीता को संदेह है कि उसके पिता की हत्या में प्रदेश के एक अन्य कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications