करमापा लामा की जांच के लिए भेजे गए रॉ-आईबी अधिकारी

मालूम हो कि, पिछले तीन दिनों में तिब्बती धर्मगुरू के मठों और उनके करीबी सहयोगियों के यहां से भारी मात्रा में विदेशी और भारतीय मुद्राएं बरामद हुई हैं। इसके बाद से करमापा पर चीन के लिए गुप्तचरी करने के आरोप लग रहे हैं। वहीं इन सब घटनाक्रम पर तिब्बतियों के 17वें धर्मगुरू करमापा का कहना है कि भले ही यह धन अलग-अलग देश की मुद्राओं में पर्याप्त हो रहा है लेकिन इस धन का चीन के लिए गुप्तचरी से कोई संबंध नहीं है। इसके अलावा करमापा ने सफाई दी कि चीन सहित पूरी दुनिया में उनके अनुयायी फैले हैं, उन्होने ही यह धन मठों में भेजा है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ मिलकर यह छापे मारे।
इसके अलावा अधिकारियों ने करमापा से इस बाबत पूछताछ भी की। जानकारी के मुताबिक, धर्मशाला से 10 किलोमीटर दूर योल कैंट के सैन्य ठिकाने के समीप स्थित मठ में करमापा से शुक्रवार देर रात और शनिवार को पूछताछ हुई। करमापा की बहन भी पूछताछ के घेरे में हैं।
पुलिस अधिकारियों ने मठ से 70 लाख रुपये कीमत की चीनी मुद्रा की बरामदगी पर हैरत जताई। पुलिस ने कहाकि, चीनी मुद्रा युआन को 'साफ सुथरे ढंग से बांध कर रखा गया था'। यह दान में मिली राशि नहीं मालूम पड़ती है। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मठ से कुल सात करोड़ रुपये की भारतीय और विदेशी मुद्रा बरामद की हैं।
उल्लेखनीय है कि, तिब्बती बौद्ध अनुयायी करमापा को करमा काग्यू का 17वां अवतार मानते हैं। वह दलाई लामा और पंचेन लामा के बाद तीसरे सर्वोच्च संत माने जाते हैं। करमापा शनिवार सुबह की प्रार्थना में शामिल नहीं हो सके। पिछले कुछ सालों से ग्युतो तांत्रिक मठ में अपने अनुयायियों के साथ रह रहे करमापा इमारत की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं और यहां पुलिस अधिकारियों की भीड़ मौजूद है। प्रशासन ने उन्हें नजरबंद किए जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
धूमल ने कहा- गंभीर मुद्दा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रोटोकॉल के नियमों का पालन कर रही है। धूमल ने कहा, "हमने केंद्र सरकार को इस मामले से अवगत कराया है। वह इस मामले की जांच कर रही है। हम प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि वह एक फरवरी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे। धूमल ने कहा, "यह एक गंभीर मसला है और यह प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए भी खतरा है।"
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने बताया "अमेरिकी डॉलर, चीनी युआन, हांग कांग डॉलर, ताइवान और अन्य देशों सहित करीब 25 देशों की मुद्रा बरामद की गई हैं।"महत्वपूण बात ये है कि, ऊना जिले के मेहतपुर में दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मठ पर छापे की कार्रवाई की है। इन लोगों के पास से एक करोड़ रुपये बरामद हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications