तिरंगा: जम्मू-कश्मीर सीमा के अंदर घुसते ही भाजपा नेता गिरफ्तार

सीमा में प्रवेश करते ही राज्य सरकार ने पुलिस और सुरक्षा बल के सहयोग से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अरुण जेटली और सुषमा स्वराज सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा श्रीनगर हवाई अड्डे पर भी भाजपा के चार नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
दिल्ली में भी केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम और भाजपा नेता अरुण जेटली के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा। जहां एक ओर चिदंबरम ने भाजपा से इस रैली को वापस लेने की अपील की वहीं दूसरी ओर जेटली ने, उमर और केंद्र सरकार पर राष्ट्र विरोधी कार्य करने का आरोप लगाया।
पंजाब की तरफ से रावी नदी पर बने पुल को पार करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार विजय चिन्ह बनाकर किया। कार्यकर्ताओं ने घोषणा की कि अपने वादे के अनुसार वे जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश कर चुके हैं। पंजाब की तरफ से भाजपा की 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' के 500 कार्यकर्ताओं का पहला जत्था राष्ट्रध्वज के साथ और नारे लगाते हुए जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश किया।
राज्य में प्रवेश करते समय कार्यकर्ताओं ने 'भारत माता की जय' और 'लाल चौक जाएंगे, तिरंगा फहराएंगे' के नारे लगाए। गिरफ्तार होने से पहले सुषमा स्वराज ने कहा, "हम यहां जम्मू एवं कश्मीर में हैं, कल तक हमें राज्य से बाहर रोके रखने के लिए सरकार ने जिन फासीवादी प्रवृत्तियों का प्रदर्शन किया, उसका यह करारा जवाब है।"
भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर इस यात्रा के ताजा अपडेट्स लोगों तक भेजती रहीं। यात्रा के दूसरे जत्थे का नेतृत्व अमृतसर के सांसद नवजोत सिंह सिद्धू करने वाले थे, लेकिन उन्होंने बाद में अपनी योजना बदल दी। माधोपुर में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा पठानकोट-जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग से होते हुए श्रीनगर जाने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications