सबरीमाला भगदड़ में मृतकों की संख्या 104 हुई

यह हादसा मुख्य मंदिर से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर पुलमेदु के पास हुआ। रात्रि के करीब आठ बजे श्रद्धालुओं से भरी जीप अचानक भीड़ में घुस गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। हादसे में 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। मौके पर पहुंचे राहत दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू कर दिया।
कांग्रेसी सांसद पीटी थॉमस के मुताबिक जिस समय यह हादसा हुआ, तब पूरे इलाके में करीब 1 लाख लोग थे। थॉमस के मुताबिक अचानक एक जीप अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुंसी जिससे अफरा-तफरी मच गई और यही संभवत: हादसे का कारण भी बनी।
सबरीमाला मंदिर के पास मकर ज्योति का दर्शन करने आने वालों में अधिकांशत: लोग आंध्र प्रदेश, तामिलनाडु और कर्नाटक के थे। राज्य के बंदरगाह मंत्री वी. सुरेंद्रन पिल्लै ने शनिवार सुबह घायलों का हाल जानने के लिए वेंदिपेरियार स्थित अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हादसे में मरने वालों और घायलों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पिल्लै ने कहा, "हादसे में अपनी जान गवां चुके लोगों के शवों को उनके घर भेजा जाएगा। राज्य सरकार इस बात पर जल्द ही फैसला लेगी कि पीड़ितों के शवों को कैसे उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।"
राज्य के पुलिस महानिदेशक जैकब पुनोसे ने भी अस्पताल का दौरा कर घायलों की हालत का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचना काफी कठिन है क्योंकि वहां तक जाने के लिए एक सकरा रास्ता ही है। उन्होने कहा, "अंधेरा होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में देरी हुई।"












Click it and Unblock the Notifications