इलाहाबाद के संगम तट पर मकर संक्रांति का नहान शुरू
आज शुक्रवार को मकर संक्रांति के मौके पर गंगा, यमुना के संगम तट पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने के बाद पूजा-अर्चना करके दान-पुण्य कर रहे हैं। तड़के चार बजे से ही संगम पर श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हो गया। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु संगम स्नान के लिए यहां पहुंच रहे हैं। दो दिनों तक चलने वाले मकर संक्रांति के पहले स्नान पर्व पर लगभग 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। संगम तट पर शुक्रवार से विश्वप्रसिद्ध माघ मेले की भी शुरुआत हो रही है।
मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। इलाहाबाद के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने बताया कि मकर संक्रांति के दोनों स्नान पर्वो (14-15 जनवरी) के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा प्रांतीय सशस्त्र बल(पीएसी), आतंकवाद निरोधक दस्ता(एटीएस), त्वरित कार्य बल (आरएएफ) और बम निरोधक दस्ते(बीडीएस) की तैनाती की गई है।
उत्तर प्रदेश के दूसरे नगरों में भी मकर संक्रांति के अवसर पर लोग यमुना, गोमती, सई, रामगंगा सहित अन्य नदियों में डुबकी लगाकर मंदिरों में पूजा पाठ कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications