उत्तर प्रदेश: अलीगढ़ में दो ट्रक भिड़े, 4 की मौत, 10 घायल
अलीगढ़। उत्तरप्रदेश इन दिनों कांप रहा है, कोहरे की घनी चादरों ने लोगों का चलना-फिरना मुश्किल कर दिया है। जिसके चलते दुर्घटनाओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सर्दी की ही चलते उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में मंगलवार तड़के दो ट्रक आपस में टकरा गए जिससे कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा अलीगढ़ शहर के गबाना थाना क्षेत्र में दिल्ली-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (जी.टी. रोड) पर हुआ। तेज रफ्तार से जा रहे दो ट्रक आमने-सामने से भिड़ गये। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ट्रकों में मजदूर सवार थे। अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (शहर) मान सिंह चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि सभी मृतक और घायल मजदूर हैं। दस घायलों में से पांच की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक ट्रकों में सरिया, पत्थर और अन्य भवन निर्माण सामग्री भी लदी थी। घटना के बाद दोनों ट्रकों के चालक मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications