प्लेन के टॉयलेट में मिला मानव भ्रूण, महिला की तलाश
मनीला। अबूधाबी से फिलीपींस पहुंचे एक हवाई जहाज के शौचालय में एक मृत नर भ्रूण मिला है। पुलिस उस महिला की तलाश कर रही है जिसका यह भ्रूण है। अधिकारियों के मुताबिक यदि महिला ने जानबूझकर अपने भ्रूण को त्यागा है तो उस पर आपराधिक मामला दर्ज किया जा सकता है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक, एतिहाद एयरवेज का हवाई जहाज सोमवार को मनीला के 'नीनॉय एक्विनो इंटरनेशनल एयरपोर्ट' पर उतरा। इसके शौचालय में एक सफाईकर्मी को पांच से छह महीने का यह भ्रूण मिला। पुलिस ने बताया कि वे अभी उस महिला की पहचान नहीं कर पाई है जिसका यह भ्रूण है।
ज्ञात हो कि अबू धाबी में हजारों की संख्या में फिलीपींस के नागरिक काम करते हैं। उल्लेखनीय है कि गत सितंबर में हवाई अड्डे के कर्मचारियों को अबू धाबी के एक अन्य हवाई जहाज के कूड़ेदान से एक नर बच्चा मिला था। फिलीपींस की महिला ने हवाई जहाज में बच्चे को जन्म देने के बाद उसे कूड़ेदान में छोड़ दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications