बिलासपुर में पत्रकार की गोली मारकर हत्या
रायपुर। बिलासपुर के एक हिंदी दैनिक में कार्यरत एक पत्रकार की अज्ञात बंदूकधारियों ने रविवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। पत्रकार रात्रि की पाली समाप्त करके कार्यालय से घर लौट रहा था।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय सुशील पाठक 'दैनिक भास्कर' में कार्यरत थे और वह बिलासपुर प्रेस क्लब के महासचिव भी थे। पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात करीब दो बजे बंदूकधारियों ने उन्हें कम से कम चार बार गोली मारी। पाठक की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना बिलासपुर के सरकंडा इलाके में हुई। बिलासपुर रायपुर से 120 किलोमीटर की दूरी पर है।बिलासपुर के पुलिस प्रमुख ने संवाददाताओं को बताया, "पाठक को बहुत करीब से गोली मारी गई। पत्रकार कार्यालय में देर रात की पाली में काम करने के बाद घर लौट रहा था। ऐसा लगता है कि यह हत्या सुनियोजित थी।"
बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शशिकांत कोनहर ने इसे नृशंस हत्या बताते हुए कहा, "इस घटना से बिलासपुर के मीडियाकर्मी सकते में हैं और इस हमले के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेंगे।"रायपुर एवं अन्य शहरों के राजनेताओं और पत्रकारों ने इस घटना की निंदा की है और हत्यारों का पता लगाने में विफल रहने पर पुलिस की आलोचना की है।












Click it and Unblock the Notifications