PAC के समक्ष उपस्थित होने के लिए तैयार मनमोहन सिंह
नई दिल्ली। लंबी चुप्पी के बाद आखिरकार पीएम मनमोहन सिंह ने अपना मुंह खोला और कहा कि उन्हें नहीं लगता है कि 2 जी स्पैक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए जेपीसी गठित होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मनमोहन सिह ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग को खारिज करते हुए कहा है कि इसकी जांच लोक लेखा समिति (पीएसी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है।
दिल्ली के बुराड़ी में कांग्रेस के 83वें महाधिवेशन में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके पास इस मामले में छिपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएसी के पास वे सारे अधिकार मौजूद हैं जो जेपीसी के पास होते हैं।
उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर पीएसी के समक्ष उपस्थित होने के लिए तैयार हैं ताकि प्रधानमंत्री का पद संदेह के दायरे से बाहर रहे। जेपीसी गठित करने की मांग से मामले की जांच में केवल देरी हो रही है।उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने के लिए तैयार थी लेकिन विपक्ष के अड़ियल रवैये के कारण पूरा शीतकालीन सत्र बर्बाद हो गया।













Click it and Unblock the Notifications