मैं CBI से डरता नहीं: ए राजा
नई दिल्ली। सीबीआई नोटिस मिलने के बाद पूर्व संचार मंत्री ए. राजा ने कहा कि वह जांच में सहयोग करने के लिए एजेंसी के समक्ष पेश होंगे। उन्होंने कहा कि 'मुझे सीबीआई से कोई डर नहीं है। मैं खुद एक वकील हूं। मैं कानून का उल्लंघन नहीं करूंगा।' अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल करने की खबरों का खंडन करते हुए राजा ने कहा कि मैं आरोपी नहीं हूं। इसलिए अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल करने का सवाल ही नहीं उठता।
आपको बता दें कि 2-जी स्पेक्ट्रम मामले में पूर्व संचार मंत्री ए राजा पर सीबीआई ने जांच का शिकंजा कस दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने ए राजा को नोटिस भेजकर अगले 48 घंटों में पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा है। राजा और उनके सहयोगियों के यहां पड़े छापों में एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। राजा से पूछताछ की कार्रवाई के लिए उन्हें नोटिस भेजा गया है। सीबीआई राजा से उनके पिछले कुछ सालों के निवेश और बैंकिंग लेन-देन के बारे में सवाल कर सकती है। इस जांच में सामने आए राजा के साझेदारों के बारे में उनसे सवाल किए जाने की संभावना है।













Click it and Unblock the Notifications