नायडू गिरफ्तार, तेदेपा ने किया बंद का ऐलान
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में किसानों के लिए राहत पैकेज की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को पुिलस ने सोमवार तड़के गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती करा दिया। इस घटना के विरोध में विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने सोमवार को बंद का ऐलान किया।बेहद नाटकीय घटनाक्रम और तनाव के बीच पुलिस ने पुलिस ने तड़के करीब 4.30 बजे नायडू, उनके साथ भूख हड़ताल पर बैठे उनके बेटे लोकेश और तेदेपा के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद नायडू को निजाम चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एनआईएमएस)में भर्ती कराया गया, जहां वह अपनी भूख हड़ताल अब तक जारी रखे हुए हैं। तेदेपा के नेताओं ने दावा किया है कि नायडू ने इलाज कराने से भी इंकार कर दिया है।तेदेपा प्रमुख नायडू पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। वह हाल की मूसलाधार बारिश में अपनी फसल गवां बैठे किसानों के लिए सरकार से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
अपने नेता की गिरफ्तारी से गुस्साए तेदेपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बंद का ऐलान किया है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने भी बंद का समर्थन करने की घोषणा की है।राज्य के विभिन्न हिस्सों में विपक्षी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। उन्होंने सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) की बसें रोकीं और शैक्षिक संस्थानों तथा दुकानों को जबरन बंद करवा दिया।
नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में हैदराबाद, तिरुपति, विशाखापत्तनम, गुंटूर और अन्य शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए।तेदेपा नेताओं का आरोप है कि लोकेश को उस समय मामूली चोट भी आई जब उन्होंने अपने पिता की गिरफ्तारी का विरोध करने की कोशिश की। पार्टी के कई अन्य नेताओं को भी मामूली चोट आई है।नायडू का रक्तचाप, शूगर और सोडियम का स्तर घट जाने के बाद रविवार शाम से ही पुलिस उनकी गिरफ्तारी की तैयारी में जुट गई थी।इससे पहले नायडू ने राज्य के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी की अनशन तोड़ने की अपील ठुकरा दी थी।












Click it and Unblock the Notifications