महंगी पड़ी अपराधियों संग दावत, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
लखनऊ । राजधानी लखनऊ के एक होटल में अपराधियों के साथ ऐश करने और लापरवाही बरतने के आरोप में एक उपनिरीक्षक सहित सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया। गोरखपुर पुलिस के उपनिरीक्षक शौकत अली, कांस्टेबल कमला यादव, रूदल प्रसाद, हरेंद्र सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह, अशोक कुमार व अशोक सिंह को मंगलवार रात लखनऊ के हजरतगंज इलाके स्थित होटल से अपराधियों की आवभगत करते और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही बरतते पकड़ा गया था।
ये पुलिसकर्मी चारों अपराधियों को बूथ लूटने के एक मामले के सम्बंध में लखनऊ उच्च न्यायालय में बुधवार को होने वाली पेशी के लिए लाए थे। बलिराम, राम दरश निशाद, सिंहासन यादव व विनोद को बीते पंचायत चुनाव के दौरान बूथ लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।लखनऊ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इन पुलिसकर्मियों को अपराधियों के साथ होटल तरुण में रंगे हाथों जश्न मनाते पकड़ा।
गोरखपुर के पुलिस उप-महानिरीक्षक असीम अरुण ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि लखनऊ पुलिस की शिकायत पर सातों पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने के आरोप में गुरुवार देर रात निलम्बित कर दिया गया। अरुण ने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications