दिल्ली मेट्रो में महिलाओं ने की पुरुष यात्रियों की पिटाई

महिलाओं से छेड़छाड़ से जुड़ी घटनाओं के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने दो अक्टूबर से सभी मेट्रो गाड़ियों में पहले कोच को महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया था।
नियम को लागू करने के दो महीने बाद भी कुछ पुरुष यात्री इसका पालन नहीं कर रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी सिंथिया अब्राहम ने बताया, "हौजखास मेट्रो स्टेशन पर दो पुरुष यात्री महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में सवार हो गए।"
इसकी वजह से शुरू हुई कहासुनी के कारण गाड़ी स्टेशन पर तकरीबन एक घंटे तक रुकी रही। इसी तरह, गुड़गांव स्थित द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन पर महिला कोच में सवार पांच से छह लोगों की महिलाओं ने पिटाई कर दी। इस बीच गुड़गांव पुलिस ने महिला कोच में सवार होने वाले पुरुषों के खिलाफ एक अभियान चलाया है।
गुड़गांव पुलिस उपायुक्त भारती अरोड़ा ने बताया, "हमें ऐसी ढेरों शिकायतें मिलीं कि पुरुष यात्री जबर्दस्ती महिला कोच में यात्रा कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "इसके अलावा छींटाकशी की भी शिकायतें मिली थीं। महिलाओं के लिए यात्राओं को सुरक्षित बनाने के लिए हमने गुरुवार शाम से एक अभियान शुरू किया है। यह एक हफ्ते तक जारी रहेगा।"












Click it and Unblock the Notifications