बिहार: 52 प्रतिशत वोटिंग के साथ संपन्न हुआ मतदान, मतगणना 24 को
मुख्य चुनाव अधिकारी एसवाई कुरैशी के मुताबिक सभी 243 सीटों पर छह चरणों में हुए मतदान में कुल 52.43 वोट पड़े। अंतिम चरण में रविवार को 26 विधानसभा क्षेत्रों में 426 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करीब 60 लाख मतदाताओं ने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (इवीएम) में बंद किया। राज्य में प्रथम चरण में मतदान 54 प्रतिशत, दूसरे चरण में 52.55, तीसरे चरण में 53.65, चौथे चरण में 51.10 और पांचवे चरण में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
राज्य निर्वाचन विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने बताया कि छठे चरण में कुल 60,07,706 मतदाताओं में से 51 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। औरंगाबाद जिले में 54 प्रतिशत, रोहतास और कैमूर में 51-51, बक्सर में 53 और सबसे कम गया जिले में 45.4 प्रतिशत मत पड़े। इस चरण में 43 महिलाओं सहित 426 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होना है। छठे चरण के लिए 150 सहायक मतदान केंद्र सहित 6,911 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो जाने पर खुशी प्रकट करते हुए इसका श्रेय पुलिसकर्मियों और जनता के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि इस चरण में मतदान में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार मतदान के दौरान गया और औरंगाबाद जिले के दो स्थानों से पुलिस ने बम बरामद किया, जबकि गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में एक सूखी नदी में बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। उधर, इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में मैगरा और डुमरिया मार्ग पर मिले एक बम को निष्क्रिय करते समय हुए विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि दो पत्रकारों सहित सात लोग घायल हो गए।
इसके अलावा रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी पर तारडीह गांव के पास नक्सलियों और पुलिस के बीच सुबह आठ बजे से जारी मुठभेड़ तीन बजे समाप्त हो गया। राज्य के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मुठभेड़ में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
नीलमणि ने बताया कि छठे चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। राज्य से सटे झारखण्ड और उत्तर प्रदेश की सीमा को सील कर दिया गया। राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।













Click it and Unblock the Notifications