गोरक्षा बोर्ड का तुरंत गठन करे सरकार : विहिप
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में दिल्ली में रविवार को कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हजारों लोगों ने गोमाता का पूजन कर उसके वैज्ञानिक तथा आध्यात्मिक महत्व को समझ गोरक्षा एवं गोसंवर्धन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार से मांग की गई कि दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा निर्देशित गोरक्षा संवर्धन बोर्ड का गठन शीघ्र किया जाए, ताकि राजधानी में बढ़ती गोहत्याओं पर अंकुश लग सके और गोसंवर्धन को बढ़ावा मिले ।
पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर (पूर्व) स्थित हनुमान मंदिर से इंद्रप्रस्थ विस्तार स्थित साईं शनिधाम मंदिर तक गोयात्रा निकाली गई। इनमें गाय और बैल के महत्व को दर्शाती हुईं झांकियां बैल गाड़ियों पर सजाई गई थीं। बैंडबाजे वालों की टोली, घोड़े बग्गी के साथ भजन मंडली झांकियों के आगे-आगे चल रही थी।
इस यात्रा में जैन आचार्य प्रमोद मुनि, विहिप के क्षेत्रीय गोरक्षा प्रमुख राष्ट्र प्रकाश, इंद्रप्रस्थ विहिप के उपाध्यक्ष सरदार उजागर सिंह, संगठन मंत्री करुणा प्रकाश, गोरक्षा प्रमुख ताराचंद गुप्ता, प्रखण्ड मंत्री कपिल प्रभाकर एवं कृष्णानंद शास्त्री सहित कई गणमान्य लोगों एवं संतों ने भाग लिया।
इंद्रप्रस्थ विहिप के मीडिया प्रमुख विनोद बंसल सहित सभी वक्ताओं ने इस अवसर पर सरकार से मांग की कि दिल्ली एग्रीकल्चर कैटल प्रिजर्वेशन एक्ट 1994 की धारा 18 के तहत निर्दिष्ट बोर्ड का गठन शीघ्र किया जाए।
ज्ञात हो कि दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार इस बोर्ड का गठन 31 अक्टूबर तक होना था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications