विकीलीक्स ने फिर खोली 'पोल'

इनमें दावा किया गया है कि इराक़ी लोगों के साथ इराक़ी सैनिकों के दुर्व्यवहार के बारे में अमरीकी सैन्य कमांडरों को जानकारी थी. लेकिन उन्होंने इसकी अनदेखी की और कार्रवाई नहीं की. बीबीसी को भी कुछ दस्तावेज़ देखने को मिले हैं, जिनमें इराक़ी क़ैदियों के साथ दुर्व्यवहार की बात कही गई है. इनमें क़ैदियों को बिजली के झटके देकर और गोली मारने तक का ज़िक्र है.
ये दस्तावेज़ अमरीकी कमांडरों के पास भेजे गए लेकिन उन्होंने इन दस्तावेज़ों पर सिर्फ़ 'आगे कोई जाँच नहीं' लिख दिया. इन दस्तावेज़ों में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2003 में इराक़ पर हमला करने के बाद अमरीकी सैनिक चौकियों पर सैकड़ों इराक़ी नागरिक मारे गए. जारी किए गए दस्तावेज़ों से यह भी पता चलता है कि अमरीका नागरिकों के मारे जाने का रिकॉर्ड रखता था, हालाँकि अमरीका पहले इससे इनकार करता था.
दस्तावेज़ों के मुताबिक़ अभी तक 109,000 लोग मारे गए हैं, जिनमें 66,081 आम नागरिक हैं. अमरीका ने विकीलीक्स के क़दम की आलोचना की है. वॉशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत में अमरीकी विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन ने कहा, "मैं किसी व्यक्ति या किसी संस्था की ओर से उठाए गए ऐसे क़दमों की आलोचना करती हूँ, जिसके कारण अमरीका, उसके सहयोगी देशों और नागरिकों के लिए ख़तरा पैदा होता है." इसी साल जुलाई में विकीलीक्स ने अफ़ग़ानिस्तान युद्ध से संबंधित हज़ारों दस्तावेज़ लीक किए थे.












Click it and Unblock the Notifications