पाक और चीन भारत के लिए सिरदर्द : सेना प्रमुख

नई दिल्ली में 'इंडियन आर्मी : इमर्जिग रोल्स एंड टास्क' विषय पर आयोजित एक सेमिनार में जनरल सिंह ने कहा, "हमारे लिए दोनों देश चिंता का सबब बने हुए हैं। पहली यह कि पाकिस्तान में स्थिति कैसी है और वहां की सरकार की समस्या क्या है। वहां से आतंकवादियों को समर्थन मिल रहा है और आंतरिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है।" सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की स्थितियां तेजी से बदल रहीं है और उसका भारत पर क्या प्रभाव पड़ता है, यह देखना होगा।
सेना प्रमुख ने कहा कि 'सीमा पार से आतंकवादी गतिविधियां जारी हैं' जो भारत के लिए 'चिंता का विषय' है। सेना द्वारा प्रायोजित एवं सेंटर फॉर लैंड वेल्फेयर स्टडीज (सीएलएडब्ल्यूएस) की ओर से आयोजित सेमिनार में जनरल सिंह ने कहा, "इसी तरह चीन की बढ़ती आर्थिक एवं सैन्य शक्ति हमारी चिंता की वजह हैं।"
जनरल ने कहा कि चीन से जुड़ी सीमाओं पर हालांकि हम 'मजबूती से तैनात' हैं, इसलिए भारत उन्हें 'कोई मौका नहीं देगा।' उन्होंने कहा, "हमारे पास आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय हैं। हमारी सीमाएं काफी सुदृढ़ हैं, हालांकि अभी तक सीमा विवाद बरकरार है।" जनरल सिंह ने कहा, "चीन के साथ पस्पर विश्वास बहाली से जुड़े कई कदम उठाए गए हैं और हमारे पास एक बहुत सुरक्षित सीमा भी है लेकिन इसके बावजूद हम अभी भी सीमा विवाद को लेकर उलझे हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications