मनमोहन सिंह को मिला 'वर्ल्ड स्टे्टसमैन' पुरस्कार
न्यूयार्क। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को वैश्विक स्तर पर आपसी समझ, सहिष्णुता और शांति को बढ़ावा देने के लिए एक अमेरिकी संस्था द्वारा वर्ष 2010 के 'वर्ल्ड स्टे्टसमैन' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर ने मंगलवार को न्यूयार्क में आयोजित एक समारोह में मनमोहन सिंह की तरफ से इस पुरस्कार को स्वीकार किया। यह पुरस्कार 'अपील ऑफ कांसिएस फाउंडेशन' की ओर से दिया गया है। मनमोहन सिंह ने अपने एक रिकॉर्डेड संदेश में कहा, "भारत प्राचीन समय से ही सहिष्णुता और शांति के अलावा आध्यात्मिक क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करता आ रहा है। जीवन के नैतिक मूल्यों के लिए हम एकजुट रहे हैं।"
अमेरिका के पूर्व विदेश सचिव हेनरी किशिंगर ने कहा कि राजनेता के रूप में मनमोहन सिंह ने कुशलता से नेतृत्व किया है और उन्होंने भारत के आर्थिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अफगानिस्तान सहित एशिया में अमेरिका और भारत के साझा प्रयासों का उल्लेख करते हुए हेनरी ने कहा कि भारत ने अफगानिस्तान में शांति, स्थिरता और विकास को कायम रखने के लिए काफी अहम भूमिका अदा की है।
मनमोहन सिंह को भेजे गए एक संदेश में अमेरिका के सहायक विदेश सचिव विलियम बर्न्स ने कहा, "सच में कहा जाए तो इससे अच्छा चुनाव नहीं हो सकता था। वैश्विक स्तर पर अखण्डता और एकजुटता के लिए वह काफी काम कर रहे हैं।" प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए बर्न्स ने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एक बेहद उदार और सुलझे हुए इंसान हैं। उनका दूरदर्शिता और एक नेता के तौर पर प्रतिबद्धता स्पष्ट है। उनके जरिए भारत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने साख में इजाफा कर रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications