पेरु के जंगलों में चमगादड़ों का आतंक

किस्से-कहानियों में इंसानों को डराने वाले और उनका खून चूसने के लिए बदनाम चमगादड़ अमेज़न के लोगों के लिए वाकई खतरनाक साबित हो रहे हैं.
पेरु के अमेज़न जंगलों के आसपास चमगादड़ों के आतंक ने प्रशासन और लोगों की नींद उड़ा दी है.
अमेज़न इलाके के ये चमगादड़ सोते हुए लोगों को काट रहे हैं और उनका खून चूस लेते हैं. इसके कारण इलाके में तेज़ी से रेबीज़ फैल रहा है.
ये चमगादड़ अब तक 3500 लोगों को काट चुके हैं जिससे 20 लोगों की मौत हो गई है. इनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं.
इस बीच पेरु के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि रेबीज़ से मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. ये इलाके दूरदराज के हैं और लोगों तक रेबीज़ की दवाइयां पहुंचाने में काफ़ी दिक्कतें आ रही हैं.
इस बीच जंगलों के आसपास रहने वालों के लिए चमगादड़ों का ये आंतक बढ़ता जा रहा है.
दुनियाभर में चमगादड़ों की 1100 से ज़्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं जिनमें से 70 फ़ीसदी प्रजातियां कीट-पतंगों को खाकर जीवित रहती हैं.
माना जा रहा है कि अमेज़न जंगलों में बढ़ती अवैध कटाई के कारण ये चमगादड़ रिहाइशी इलाकों का रुख़ कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान पेरु के अमेज़न इलाके का तापमान गिरता जा रहा है. मुमकिन है कि चमगादड़ इस कारण इंसानों को निशाना बना रहे हों.












Click it and Unblock the Notifications