सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की शबीर शाह व कश्मीरी पंडितों से मुलाकात
जम्मू, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में हालात का जायजा लेने पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को गिरफ्तार अलगाववादी नेता शबीर अहमद शाह से एक सरकारी अस्पताल में मुलाकात की तथा कश्मीरी पंडितों के एक शिविर का भी दौरा किया।
डीएमके सांसद टी.आर.बालू के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समूह ने यहां सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल स्थित कर्नल चोपड़ा नर्सिग होम का दौरा किया, जहां शाह इलाज के लिए भर्ती हैं।
जम्मू एवं कश्मीर डेमोकेट्रिक फ्रीडम पार्टी के अध्यक्ष शाह को एक साल पहले सार्वजनिक सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था। शाह पर लोगों को भड़काने और शांति में खलल डालने का आरोप है। शाह को जम्मू के बाहर स्थित कोट भालवाल जेल में रखा गया है।
कुछ समय से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कश्मीर घाटी के अलगाववादी नेताओं की तरह शाह ने भी कश्मीरियों को अपना भविष्य तय करने के लिए आत्मनिर्णय के अधिकार की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने शाह के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इसके अलावा मार्क्सवादी नेता सीताराम येचुरी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एक अन्य दल ने जम्मू के बाहर मुथी स्थित कश्मीरी पंडितों के एक शिविर का दौरा किया। इस दल ने प्रवासी कश्मीरी पंडितों के विचारों को सुना।
शिबना पंडिता नामक एक प्रवासी ने प्रतिनिधियों से कहा कि कश्मीरी हिंदू 1990 में जब से घाटी से जम्मू पलायन करके आए हैं, तभी से अमानवीय हालात में जी रहे हैं।
कश्मीरी प्रवासी महिलाओं ने कहा कि यद्यपि सरकार हमें सम्मान की जिंदगी मुहैया कराने का वादा करती रही है, लेकिन वह वादा पूरा नहीं हो पाया है।
पुष्पा नामक एक युवती ने कहा, "हमने घाटी में नौकरी के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसके लिए हमारे सामने केवल घाटी में रहने की शर्त रखी गई थी। वह एक अस्वीकार्य शर्त थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications