बिहार में चुनाव की सभी तैयारियां पूरी : कुरैशी
पटना में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने बताया कि राज्य में चुनाव की लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों से पूरी तरह संतुष्ट कुरैशी ने कहा कि मतदान केन्द्रों पर उसकी संवेदनशीलता के अनुसार सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव के पूर्व राज्य के प्रत्येक मतदान केन्द्रों में पड़ने वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों की पहचान कर उसकी सूची तैयार कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में मतदान प्रतिशत को बढ़ाना एक चुनौती है जिस पर कई तरह के कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव के समय मतदान केन्द्रों को बदलने तथा मोबाइल मतदान केन्द्र पर भी विचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मीडिया की अहम भागीदारी होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मीडिया के खबरों को ही शिकायत समझकर उस पर कार्रवाई की जाए न कि शिकायत आने तक का इंतजार किया जाए।
कुरैशी ने कहा कि राज्यकर्मियों की हड़ताल का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसके लिए सारी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग का एक दल रविवार को पटना पहुंचा था और उसने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना था। इसके बाद राज्य के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की थी। मंगलवार को चुनाव आयोग का दल राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।
गौरतलब है कि राज्य में विधानसभा का चुनाव छह चरणों में 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications