भारत दक्षिण एशिया का आर्थिक शक्ति केंद्र: अमेरिका
वाशिंगटन, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत को दक्षिण एशिया में आर्थिक शक्ति का केंद्र बताते हुए एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का असर खुलकर सामने आएगा।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, "भारत से हमारे संबंध गहरे और विस्तृत हैं, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और दक्षिण एशिया की आर्थिक शक्ति के केंद्र भारत की संस्कृति के प्रति हमारा गहरा सम्मान है। "
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के साथ भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव की ओबामा की भारत यात्रा की तैयारियों के संबंध में हुई मुलाकात के बारे में टोनर ने कहा, "उन्होंने दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी से जुड़ेे कई मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की।"
अमेरिकी विदेश विभाग के उपमंत्री जेम्स स्टेनबर्ग ने सोमवार को कहा, "भारत के साथ हमें अपनी मौजूदा रणनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाने की जरूरत है। इस वार्ता के दो दौर पूरे हो चुके हैं और इसका असर अगले महीनों में होने वाली राष्ट्रपति की भारत यात्रा में दिखाई देगा।"
अमेरिका न सिर्फ भारत, चीन और रूस के साथ अपने संबंधों पर जोर दे रहा है बल्कि इंडोनेशिया जैसी उभरती ताकतों के साथ भी अमेरिका अपने संबंधों में वृद्धि के लिए प्रयास कर रहा है।
स्टेनबर्ग ने कहा, "हम अपने सहयोगियों के साथ बातचीत बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। इस प्रक्रिया से हमें लंबे समय में लाभ मिलेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications