एएफएसपीए को हटाना खतरनाक : कांग्रेस
कांग्रेस के लोकसभा सदस्य लाल सिंह के नेतृत्व में पार्टी के एक दल ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सिंह ने कहा कि एएफएसपीए को हटाने या उससे छेड़छाड़ करने की किसी भी कोशिश से और समस्याएं ही पैदा होंगी।
ऊधमपुर-डोडा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस सांसद सिंह ने कहा, "हमने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से कहा है कि एएफएसपीए को अपनी जगह बने रहने दिया जाए, क्योंकि इसके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ जम्मू एवं कश्मीर के हालात के लिए खतरनाक होगा।"
कांग्रेस के शिष्टमंडल ने जम्मू में यह भी स्पष्ट किया कि राज्य के किसी भी हिस्से से, खासतौर से कश्मीर घाटी से सेना को हटाए जाने का विचार नहीं लाया जाना चाहिए।
कांग्रेस का यह दृष्टिकोण उसके सहयोगी दल, नेशनल कांफ्रेस से भिन्न है। नेशनल कांफ्रेंस ने एएफएसपीए को हटाए जाने का आग्रह किया है।
ज्ञात हो कि एएफएसपीए, सेना को इस बात का व्यापक अधिकार देता है कि वह किसी को भी बिना वारंट के गिरफ्तार कर सकती है, गोली मार सकती है और अशांत इलाकों में संपत्तियों को नष्ट कर सकती है।
पिछले 11 जून से घाटी में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों में अब तक 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। राज्य में हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम की अगुवाई में 39 सदस्यीय एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल राज्य के दौरे पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications