सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों और हजरतबल का दौरा किया
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "श्रीनगर और अन्य प्रमुख शहरों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी है। ऐसी खबरों के बाद कि उपद्रवी प्रतिनिधिमंडल के दौरे के समय हिंसा भड़काने की कोशिश कर सकते हैं, कर्फ्यू जारी रखने का फैसला किया गया है।"
हजरतबल पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम, नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज और मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के असदुद्दीन ओवैसी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल के कुछ सदस्य विभिन्न अस्पतालों का भी दौरा कर रहे हैं। विगत तीन महीनों के भीतर विभिन्न हिंसक घटनाओं में घायल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग यहां के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इस दौरान 102 लोग अपनी जानें गवां चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सोमवार को अलग-अलग समूहों में अलगाववादी नेताओं सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारुख और यासीन मलिक से मुलाकात की थी।
गिलानी ने दिल्ली से आए इन मेहमानों को यह कहते हुए चाय पिलाने में असमर्थता जताई थी कि कर्फ्यू लगे होने के कारण उनके घर में न तो दूध है और न ही चायपत्ती।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात के दौरान गिलानी ने अपनी पांच सूत्री मांगे भी रखी। इसमें सबसे पहला था कि नई दिल्ली और स्थानीय अलगाववादियों से बातचीत आरंभ करने से पहले कश्मीर को अंतर्राष्ट्रीय विवाद के रूप में स्वीकार किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications