आज जम्मू पहुंचेगा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
इस प्रतिनिधिमंडल में 39 सदस्य हैं और यह जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर है। इसमें चिदम्बरम के अलावा केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अरुण जेटली और सुषमा स्वराज भी शामिल हैं।
'जम्मू चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' के अध्यक्ष वाई.वी. शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "हम प्रतिनिधिमंडल के सामने यह बात रखेंगे कि कश्मीर घाटी में खराब स्थिति से जम्मू किस तरह प्रभावित हो रहा है। इस कारण व्यापार असर पड़ा है।"
जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) ने प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पार्टी के अध्यक्ष बलवंत सिंह मंकोटिया ने कहा, "इस प्रतिनिधिमंडल को जो करना था, यह कर चुका है। इसने घाटी में अलगाववादियों के दुष्प्रचार का जवाब देने की बजाय उनसे मिलकर उनके मकसद का प्रचारित किया है।"
इस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्रीनगर में कई दलों के नेताओं और अन्य लोगों से भी मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल के कुछ सदस्य अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारुख से भी मिले थे।
उल्लेखनीय है कि बीते 15 सितम्बर को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक सर्वदलीय बैठक हुई थी। इसी बैठक में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को जम्मू एवं कश्मीर भेजने का निर्णय लिया गया था। बीते 11 जून से घाटी में जारी हिंसा में अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications