राष्ट्रमंडल खेल : सफाई के मसले पर प्रधानमंत्री ने किया हस्तक्षेप (लीड-1)
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली के उपराज्यपाल तेजिंदर खन्ना को मंगलवार को तलब किया और उन्हें निर्देश दिया कि वे खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए बनाए गए आवासों की साफ सफाई और साज सज्जा की निजी तौर पर निगरानी करें।
अधिकारी ने कहा कि उपराज्यपाल प्रति दिन की स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री को रिपोर्ट देंगे। खन्ना को तलब किए जाने के पहले कैबिनेट सचिव के.एम.चंद्रशेखर ने मंगलवार सुबह खेल गांव का दौरा किया और स्थिति के बारे में मनमोहन सिंह को एक रिपोर्ट सौंपी।
चंद्रशेखर ने खिलाड़ियों को रहने के लिए बनाए गए आवासों का दौरा किया और अधिकारियों से खेल गांव की साफ सफाई में तेजी लाने को कहा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि चंद्रशेखर ने शहरी विकास मंत्रालय तथा आयोजन समिति (ओसी) के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि खेल गांव की साफ सफाई में तेजी लाई जाए और वस्तुओं को व्यवस्थित ढंग से सजाया जाए।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अगस्त में ही चंद्रशेखर से कहा था कि उन्हें आयोजन समिति के साथ समन्वय बिठा कर खेलों की तैयारी को गति देनी है। यह आयोजन तीन अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित होना है।
ज्ञात हो कि न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, कनाडा और इजरायल ने अपने-अपने दलों के लिए आवंटित आवासों में घटिया रखरखाव और खराब बंदोबस्त की शिकायत की है। खिलाड़ियों के दल गुरुवार से खेल गांव में पहुंचना शुरू हो जाएगा।
भारत में 1982 में हुए एशियाई खेलों के बाद यह देश का सबसे बड़ा आयोजन है। इस आयोजन में 71 देशों के लगभग 7,000 खिलाड़ियों और अधिकारियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications