नेपाल-तिब्बत सीमा पर फंसे तीर्थयात्री सुरक्षित निकाले गए
काठमांडू , 21 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत से कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर आए 41 तीर्थ यात्रियों को नेपाल-तिब्बत सीमा से सुरक्षित निकाल लिया गया है। तीर्थयात्री खराब मौसम की वजह से करीब एक सप्ताह से फंसे हुए थे। इनमें राजस्थान के एक विधायक भी शामिल हैं।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह तीर्थयात्रियों का एक समूह तिब्बत स्थित कैलाश-मानसरोवर की यात्रा से लौट रहा था, उसी समय मौसम खराब हो जाने के कारण समूह तिब्बती सीमा के तकलाकोट कस्बे में फंस गया।
तीर्थयात्रियों में 18 लोग राजस्थान से थे, इनमें राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मोहन लाल गुप्ता के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और मुंबई के लोग भी शामिल थे। समूह में भारतीय मूल के ब्रिटेन के दो नागरिक भी थे।
अपनी पत्नी के साथ आए विधायक गुप्ता को पहाड़ी क्षेत्र में आक्सिजन की कमी के कारण सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। गुप्ता के स्वास्थ्य को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य के मुख्य सचिव सलाउद्दीन अहमद ने भारतीय दूतावास को तीर्थयात्रियों को वहां से शीघ्र निकालने के लिए कहा।
भारतीय दूतावास के अधिकारी ए.के. रॉय ने बताया, "सोमवार को मौसम साफ हुआ और नेपाल की घरेलू हवाई कंपनी सिमरिक से उन्हें नेपाल सीमा स्थित सिमिकोट कस्बा भेजा गया। वहां से कुछ लोग सड़क मार्ग से नेपालगंज गए, जबकि कुछ लोगों ने काठमांडू के लिए उड़ान पकड़ी। "
ब्रिटेन के नागरिक मंगलवार को लंदन के लिए रवाना हो गए, जबकि विधायक गुप्ता के दो दिनों में राजस्थान लौट जाने की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications