विदेशी निवेशकों की खरीदारी से सेंसेक्स 20,000 के पार (लीड-1)
विदेशी निवेशकों की खरीददारी और बाजार के अच्छे संकेतों के चलते मंगलवार को सेंसेक्स ने 20,000 अंक का स्तर पार कर लिया। इस महीने विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार में तीन अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। इसके अलावा मौजूदा साल में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में अब तक 11.59 अरब डॉलर का निवेश किया है।
बाजार खुलने के कुछ ही समय बाद 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 20,088.96 अंक के 32 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। सूचकांक ने 17 जनवरी 2008 के बाद 20,000 अंक का स्तर पार किया है।
ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली बढ़ने से बाद में यह 19,860.88 अंक तक फिसल गया और दोबारा खरीदारी बढ़ने पर यह 60.60 अंक (0.30 प्रतिशत) बढ़कर 19,966.70 अंक तक पहुंचा।
सोमवार को सेंसेक्स ने 311.35 अंक (1.59 प्रतिशत) की तेजी दर्ज की थी और यह 19,906.1 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
मंगलवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी करीब 2 अंक बढ़कर 5,982.45 अंक पर पहुंचा। दिन के कारोबार में निफ्टी ने 6,000 का स्तर पार किया और 6,032.80 अंक के उच्च स्तर तक कारोबार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications