गंडक का बचाव बांध भी टूटा, कई गांव जलमग्न
पटना, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार में गोपालगंज जिले के सेमरिया गांव के पास गंडक नदी पर बना बचाव बांध प्रशासन के काफी प्रयास के बाद भी रविवार तड़के टूट गया जिससे आसपास के पांच गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
इससे पूर्व मुख्य तटबंध गुरुवार को टूट गया था लेकिन बचाव बांध के कारण गांवों में पानी नहीं घुस पाया था। बचाव बांध में शनिवार को ही पानी का रिसाव प्रारंभ हो गया था परंतु प्रशासन की इसकी मरम्मत में जुटा हुआ था।
गोपालगंज के जिलाधिकारी बालामुरुगन ने रविवार को बताया, "जिले के बरौली प्रखंड के सेमरिया, रूबनछाप, सोनबरसा समेत पांच गांवों में गंडक का पानी घुस गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 28 पर पानी का दबाव बना हुआ है। प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।"
उन्होंने बताया कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। जिले में कई स्थानों पर राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें से कुछ शिविरों में पशुओं को भी रखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक जिले में राष्ट्रीय आपदा सुदृढ़ीकरण बल (एनडीआरएफ) की पांच टुकड़ियां राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। अभी पानी कम होने के कारण नावें नहीं चलाई जा रही हैं। अधिकारियों ने संभावना व्यक्त की है कि शाम तक पानी 15 से ज्यादा गांवों में प्रवेश कर जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications