जामा मस्जिद के निकट गोलीबारी, 2 ताइवानी पर्यटक घायल (लीड-3)
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने विदेशी पर्यटकों की बस को निशाना बनाते हुए कम से कम 10 राउंड गोलियां चलाईं। दोनों घायलों की उम्र कम्रश: 38 और 40 साल है।
जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने इसे आतंकवादी हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस गोलीबार का मकसद राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान विदेशी नागरिकों को दिल्ली आने से रोकना है।
गोलीबारी के बाद हमलावर भाग निकलने में सफल रहे। बुखारी ने कहा, "मेरा मानना है कि तीन विदेशी नागरिक घायल हुए हैं। हमने कम से कम दो घायलों को देखा। हमलावरों का स्थानीय लोगों के अलावा एक पुलिस ने भी पीछा किया लेकिन वे भाग निकलने में कामयाब रहे।"
गोलीबारी के बाद मस्जिद और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल गए। परंतु पुलिस ने घटनास्थल पर भीड़ को एकत्रित नहीं होने दिया।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने आईएएनएस को बताया कि यह हमला दिन में लगभग 11.30 बजे मस्जिद के गेट नंबर-3 के बाहर हुआ। उन्होंने कहा कि हमलावरों के बारे में अभी कोई सुराग नहीं मिला है। घायलों को लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों खतरे से बाहर हैं।
जामा मस्जिद के मुलाजिम उमर खान ने बताया, "हम सभी ने गोलीबारी की आवाज सुनीं। एक पर्यटक के पैर में गोली लगी थी।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इस घटना को दुखद बताया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "यह एक दुखद घटना है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।"
उल्लेखनीय है कि यह गोलीबारी उस समय हुई है जब दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बात कही गई है। खेलों का आयोजन तीन से 14 अक्टूबर के बीच होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications