संघर्ष कर रही है 26/11 के पीड़ित की पत्नी
मुंबई, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। मुंबई में पिछले वर्ष 26 नवम्बर को हुए आतंकी हमले में गंभीर रूप से घायल श्याम सुंदर की पत्नी बेबी चौधरी अब जीने के लिए संघर्ष कर रही है। उसे इसका बेहद अफसोस है कि उसे दोस्तों से रुपये उधार लेने पड़ रहे हैं।
एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करने वाला श्याम सुंदर 26/11 की रात विले पारले में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोट में बुरी तरह जख्मी हो गया था। वह काफी दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहा। ठीक होने के बाद छह महीने पहले वह फिर गंभीर रूप से बीमार हो गया। अब वह लकवाग्रस्त हो चुका है। उसकी पत्नी दोस्तों से पैसे उधार लेकर गुजारा कर रही है।
श्याम सुंदर की 31 वर्षीय पत्नी बेबी सहायता राशि और नौकरी पाने के लिए दर-दर भटक रही है।
बेबी ने आईएएनएस को बताया, "हर दिन मेरे लिए संघर्ष की तरह है। पिछले छह महीने से मैं परिचितों से भीख मांगती फिर रही हूं। पति के इलाज में काफी पैसा खर्च हो गया। परिवार में मेरे सहित आठ लोग हैं।"
उसने कहा, "निराश होकर मैं नौकरी ढूंढ़ रही हूं, ताकि घर में नियमित रूप से कुछ पैसे आते रहें।"
दो बच्चे 10 वर्षीय बेटे वरुण और छह वर्षीय बेटी शिखा की पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए बेबी ताज समूह की शुक्रगुजार है।
इस बीच विले पारले निर्वाचन क्षेत्र की कांग्रेस विधायक कृष्णा हेगड़े ने बेबी को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
हेगड़े ने आईएएनएस से कहा, "मैं बेबी को नौकरी दिलाने का प्रयास कर रही हूं। मैंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हान को मुख्यमंत्री राहत कोष से बेबी को सहायता राशि देने के लिए पत्र लिखा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications