तोता चिल्लाया 'भागो-भागो, बिल्ली आयी'
बोगोटा। क्या कभी आपने सुना है कि अपराधियों को भगाने में किसी तोते ने सहायता की हो? लेकिन ऐसा हुआ है। कोलम्बिया के बारानक्विला शहर में पुलिस ने एक तोते को गिरफ्तार किया है। तोते पर आरोप है कि तस्करों और चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जब दबिश दी तो उसने उन्हें वहां से फरार होने में मदद की।
स्थानीय समाचार पत्र 'एल हेराल्डो' के अनुसार गंभीर शिकायत के बाद लगभग 300 पुलिस अधिकारियों ने मिलकर एक घर पर बुधवार को छोपमारी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि घर में चोर और नशीले पदार्थो के तस्कर छुपे हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने जब घर पर दबिश दी तब उन्हें एक आवाज सुनाई दी जिसमें कहा गया, "भागो, भागो नहीं तो बिल्ली तुम्हें पकड़ लेगी।" बाद में पुलिस अधिकारियों ने पाया कि ऐसा 'लोरेंजो' नाम के एक तोते ने किया था। अपराधियों ने उसे इसी काम के लिए बाकायदा प्रशिक्षित किया था। तोते द्वारा सतर्क किए जाने के बाद सभी अपराधी भाग निकले।
पुलिस ने तोते को गिरफ्तार कर एक ऐसी संस्था को सौंप दिया, जो पशु-पक्षियों के संरक्षण का काम देखती है। अधिकारियों ने दबिश के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार कर 250 चाकू और 1,000 पैकेट नशीले पदार्थ बरामद किए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तोते को गिरफ्तार कर जब ले जाया जा रहा था तब भी वह 'भागो, भागो' की रट लगाए हुए था।












Click it and Unblock the Notifications