अमरीका में ग़रीबी रिकॉर्ड स्तर पर

अमरीका में जनगणना, अर्थव्यवस्था और नागरिकों से संबंधित जानकारी पर सेंसस - 2009 की रिपोर्ट आने वाली है. ऐसे संकेत मिले हैं कि देश में पिछले एक साल में ग़रीबी में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है.
न्यूयॉर्क में बीबीसी संवाददाता मिशेल फ़्ल्यूरी के अनुसार जब सेंसस 2009 की रिपोर्ट आती है तो ग़रीबी की दर 13.2 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हुई नज़र आएगी. यह 1980 के बाद का सबसे अधिक स्तर होगा जब ग़रीबी 13 प्रतिशत हो गई थी.
उनका कहना है कि इन आंकड़ों के मुताबिक अमरीका में ग़रीबी उस समय से अधिक होगी बराक ओबामा ने राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभाला था. ये नवंबर में अमरीका में हो रहे संसदीय चुनावों से पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए अच्छी ख़बर नहीं होगी.
ग़ौरतलब है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में संवाददता सम्मेलन में कहा था, "ग़रीबी के ख़िलाफ़ हो रहे प्रयासों में सबसे महत्वपूर्ण है कि अर्थव्यवस्था का विकास हो और ये सुनिश्चित किया जाए कि पर्याप्त नौकरियाँ है. यदि हम अर्थव्यवस्था का तेज़ी से विकास कर पाएँ और अधिक नौकरियाँ पैदा कर पाएँ तो सभी को फ़ायदा होगा."
बीबीसी संवाददाता मिशेल फ़्ल्यूरी के मुताबिक ये गंभीर स्थिति है क्योंकि इसका मतलब ये होगी की वर्ष 2009 में हर सात में से एक अमरीकी ग़रीब था.
इसका मतलब ये भी है कि अब कई नागरिकों को अमरीका - 'लैंड ऑफ़ ऑपरच्यूनिटी' - यानी अवसरों का देश प्रतीत नहीं होगा. आर्थिक व्यवस्था धीमे धीमे ही पटरी पर आ रही है.
जहाँ बेरोज़ग़ार लोगों बढ़ती संख्या से भी ग़रीबी बढ़ रही है वहीं कम से कम आधे बेरोज़ग़ारों को पिछले छह महीने में नौकरी नहीं मिली है.
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक ग़रीबी के विषय पर काम कर रहे, जनगणना से संबंधित छह विशेषज्ञों से इंटरव्यू करने से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि वर्ष 2009 में अमरीका में 4.5 करोड़ लोग ग़रीब थे.












Click it and Unblock the Notifications