दिल्ली में निचले इलाकों में पानी घुसा, कई ट्रेनें रद्द

यमुना नदी के जलस्तर में शनिवार को तेज वृद्धि जारी है और सुबह से हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किले बढ़ा दीं। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी के अनुसार शनिवार सुबह यमुना जलस्तर 206.66 मीटर तक पहुंच गया जो खतरे के निशान 204.83 मीटर से करीब-करीब दो मीटर ऊपर है। शाम तक जलस्तर बढ़कर 206.85 तक पहुंचने की आशंका है। गुरुवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था।
रद्द हुईं प्रमुख ट्रेनें
उत्तर रेलवे के अनुसार कालका मेल, लाल किला एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, हावड़ा जनता एक्सप्रेस और शहीद एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की कई रेलगाड़ियों के रास्ते में बदलाव किया गया है या फिर उन्हें रद्द कर दिया गया है। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया, "रेल और सड़क यातायात के लिए पुराने यमुना पुल को बंद कर दिए जाने की वजह से कई रेलगाड़ियों को या तो रद्द कर दिया गया है या उनके रास्ते में बदलाव किया गया है।"
प्रवक्ता ने बताया कई रेलगाड़ियों को दिल्ली से पहले ही रोक दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के खुर्जा में कोलकाता-दिल्ली लाल किला एक्सप्रेस को रोकने का फैसला किया गया है। इसी तरह हावड़ा-दिल्ली जनता एक्सप्रेस को उत्तर प्रदेश के ही हाथरस से लौटा दिया जाएगा। इन दोनों रेलगाड़ियां जहां रुकी हैं, उसी स्टेशन से इनकी सेवा फिर से शुरू की जाएगी।
100 बूस्टर पंप लगाए गए
नदी के किनारे पर करीब 30 नौकाएं और 100 बूस्टर पंप्स लगाए गए हैं और गढ़ी मांडू, शास्त्री नगर, उस्मानपुर पुश्ता और जगतपुर से पानी निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 1978 में आई बाढ़ के कारण 250,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए थे। उस समय नदी का जलस्तर 207.48 मीटर को पार कर गया था।












Click it and Unblock the Notifications